महिला युगल कांस्य सहित जीते तीन पदक, एशियाई टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत ने रचा इतिहास

अस्ताना: कज़ाख़स्तान की राजधानी अस्ताना में आयोजित एशियाई टेबल टेनिस चैंपियनशिप में भारत ने तीन पदक जीतकर इतिहास रच दिया. इसमें महिला युगल में ऐतिहासिक कांस्य पदक भी शामिल है, रविवार को अयहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी का स्वप्निल सफर सेमीफाइनल में समाप्त हो गया l

पिछले साल एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने के दौरान चीन की मौजूदा विश्व चैंपियन को चौंकाने वाली दुनिया की 15वें नंबर की जोड़ी को अंतिम चार में जापान की मिवा हरिमोटो और मियू किहारा की जोड़ी से 30 मिनट से भी कम समय में 4-11 9-11 8-11 से हार का सामना करना पड़ा. इससे पहले, भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की किम नायोंग और ली यून्हे को हराकर एशियाई मीट में भारत का पहला महिला युगल पदक सुनिश्चित किया था. भारतीय महिला टीम ने इससे पहले टीम स्पर्धा में ऐतिहासिक कांस्य पदक जीता था. मनिका बत्रा, अयहिका मुखर्जी और सुतीर्था मुखर्जी की तिकड़ी ने 1972 में प्रतियोगिता शुरू होने के बाद से महिला टीम वर्ग में देश का पहला पदक हासिल किया, हालांकि वे अंततः सेमीफाइनल में जापान से 1-3 से हार गईं.

पुरुष वर्ग में, भारत ने टूर्नामेंट में अपना लगातार तीसरा कांस्य पदक हासिल किया, जब अचंता शरत कमल, मानव ठक्कर और हरमीत देसाई की टीम सेमीफाइनल में चीनी ताइपे से 0-3 से हार गई. पुरुष एकल में, मानव ठक्कर और मानुष शाह प्री-क्वार्टर फाइनल में हार गए. विश्व के 60वें नंबर के खिलाड़ी ठक्कर, जिन्होंने पहले विश्व के 14वें नंबर के खिलाड़ी दक्षिण कोरिया के जंग वूजिन को हराया था, को हांगकांग के बाल्डविन चैन ने 4-11 4-11 8-11 से हराया. इस बीच, मानुष ने चीनी ताइपे के लिन युन-जू को कड़ी टक्कर दी और दो गेम जीतने के बाद 8-11, 5-11, 11-7, 11-6, 12-14 से हार गए l

NEWS SOURCE Credit : lalluram

Related Articles

Back to top button