2.100 किलोग्राम गांजा उपलब्ध करवाने वाला गिरफ्तार, क्राइम ब्रांच NIT की बड़ी कार्रवाई

मथुरा रेलवे स्टेशन से दबोचा आरोपी, पहले पकड़े गए तस्कर की निशानदेही पर हुई गिरफ्तारी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच NIT टीम ने 2.100 किलोग्राम गांजा उपलब्ध करवाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भारत (28), निवासी जिला भागलपुर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 4 जून को मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 2 जून को क्राइम ब्रांच NIT की टीम ने निर्मल निवासी उत्तमगंज, भागलपुर (बिहार) को आशियाना फ्लैट, सेक्टर-56 के पास से 2 किलो 100 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना सेक्टर-58 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ के दौरान निर्मल ने खुलासा किया कि वह मथुरा रेलवे स्टेशन से भारत नामक व्यक्ति से 15 हजार रुपये में गांजा खरीदकर लाया था। इस सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच NIT की टीम ने आरोपी भारत को मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी भारत ने बताया कि उसे भी मथुरा रेलवे स्टेशन पर एक अज्ञात व्यक्ति ने 10 हजार रुपये लेकर गांजा उपलब्ध कराया था। आरोपी पेशे से पेंटर का काम करता है तथा निर्मल का परिचित बताया गया है।

पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है और गांजा सप्लाई चेन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button