ऑटो लूटकांड का खुलासा: क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने 4 आरोपियों को दबोचा
NHPC फ्लाईओवर के पास चालक से ऑटो, मोबाइल और नकदी लूटी थी, मास्टरमाइंड समेत सभी आरोपी गिरफ्तार; पुलिस रिमांड पर होगी बरामदगी
भावना कौशिश,फरीदाबाद। थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में ऑटो चालक से लूट की वारदात का खुलासा करते हुए क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 30 जून की रात एनएचपीसी फ्लाईओवर के पास ऑटो चालक से ऑटो, मोबाइल फोन और नकदी लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस अब आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर लूटा गया सामान बरामद करेगी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमरन (20) और नितिन (20) निवासी ओल्ड फरीदाबाद, मदन (24) निवासी बल्लभगढ़ तथा सुभाष (23) निवासी खेड़ीपुल के रूप में हुई है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) अमन यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 30 जून की रात चारों आरोपी ओल्ड फरीदाबाद से ऑटो में सवारी बनकर बैठे थे। सफर के दौरान एनएचपीसी फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही पीछे बैठे सुमरन ने चालक की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद अन्य आरोपियों ने चालक का मोबाइल फोन, जेब में रखी नकदी और ऑटो लूट लिया तथा मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात का मास्टरमाइंड सुभाष है, जिसके खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी नितिन का भी आपराधिक रिकॉर्ड मौजूद है।
एसीपी अमन यादव ने बताया कि 1 जुलाई को अनखीर निवासी संदीप ने थाना सराय ख्वाजा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह बदरपुर बॉर्डर से बल्लभगढ़ के बीच ऑटो चलाता है। 30 जून की रात करीब 9:30 बजे चार युवक उसके ऑटो में सवार हुए और एनएचपीसी फ्लाईओवर के पास चाकू की नोक पर उसका ऑटो, मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर थाना सराय ख्वाजा में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर लूटे गए ऑटो और अन्य सामान की बरामदगी का प्रयास कर रही है।




