हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला करने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के दोस्त निकले

अपराध शाखा सेंट्रल की कार्रवाई, बल्लभगढ़ के मारपीट मामले में फरार चल रहे दोनों आरोपियों को दबोचा; अब तक 11 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार।

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा मारपीट और हिंसक वारदातों में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र में दर्ज एक गंभीर मारपीट के मामले में फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को 5 जुलाई को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी अमन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 अक्टूबर 2025 को वह रघुबीर कॉलोनी स्थित अपने दूसरे मकान पर किराया लेने गया था। जब वह किरायेदार से बातचीत कर रहा था, तभी पीछे से कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर हथौड़े तथा लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में अमन गंभीर रूप से घायल हो गया। शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने पंकज कुमार, निवासी सुभाष कॉलोनी, बल्लभगढ़, तथा विश्वास उर्फ भोला, निवासी गांव हमीदपुर, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी आर्य नगर, बल्लभगढ़, को गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी इस मामले के मुख्य आरोपी हन्नी के करीबी दोस्त हैं। घटना वाले दिन हन्नी के बुलाने पर दोनों उसके साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे और शिकायतकर्ता पर हथौड़े से हमला करने में शामिल थे। वारदात के बाद दोनों लगातार फरार चल रहे थे।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी किसी पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए फरीदाबाद आए हुए हैं। सूचना के आधार पर अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हन्नी सहित इस मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button