स्टॉक मार्केट निवेश के नाम पर 10 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

साइबर थाना सेंट्रल की बड़ी कार्रवाई, सेकेंड लेयर अकाउंट तक पहुंची जांच; अब तक 5.50 लाख रुपये की रिकवरी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर 10,00,098 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेकेंड लेयर (Second Layer) के खाताधारक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां डेढ़ लाख रुपये जमा कराने के बाद उन्हें जमानत मिल गई। मामले में अब तक 5.50 लाख रुपये की रिकवरी की जा चुकी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिदांत (23) निवासी रोहिणी, दिल्ली, कपिल (24) निवासी गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) और मनप्रीत (27) निवासी महिपालपुर, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने सिदांत और कपिल को देहरादून से तथा मनप्रीत को फरीदाबाद के सेक्टर-17 क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि ठगी की 10,00,098 रुपये की रकम पहले दो अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर की गई। इसके बाद सेकेंड लेयर में आरोपी सिदांत के बैंक खाते में 1.04 लाख रुपये पहुंचे। जांच में सामने आया कि सिदांत ने अपना बैंक खाता कपिल को उपलब्ध कराया था, जबकि कपिल ने इसे आगे मनप्रीत को सौंप दिया। तीनों आरोपी शिक्षित हैं और ग्रेजुएट बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां उन्होंने डेढ़ लाख रुपये जमा कराए, जिसके बाद अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों व ठगी के नेटवर्क की कड़ियों को भी खंगाल रही है।

ऐसे हुई थी साइबर ठगी

सेक्टर-85 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके व्हाट्सएप पर स्टॉक मार्केट में निवेश से जुड़ा एक लिंक भेजा गया। इसके बाद उसे NAKA SOLUTIONS नाम की वेबसाइट का लिंक उपलब्ध कराया गया, जहां निवेश के लिए उसका ऑनलाइन अकाउंट बनाया गया। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 10,00,098 रुपये निवेश किए, लेकिन बाद में उसे न तो कोई मुनाफा मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई। शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

Related Articles

Back to top button