HTET-2026: फरीदाबाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट, परीक्षा के लिए कंट्रोल रूम और विशेष बसों की व्यवस्था
4 और 5 जुलाई को 14 परीक्षा केंद्रों पर होगी HTET, अभ्यर्थियों की मदद के लिए डायल-112 और जिला कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय
भावना कौशिश,फरीदाबाद। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। 4 और 5 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा के लिए जिले में 14 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, परिवहन और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए हैं।
परीक्षा के नोडल अधिकारी एवं फरीदाबाद के एसडीएम हनी बंसल ने बताया कि 4 जुलाई को दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक पीजीटी (लेवल-3) की परीक्षा आयोजित होगी। वहीं 5 जुलाई को सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक टीजीटी (लेवल-2) और दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक पीआरटी (लेवल-1) की परीक्षा कराई जाएगी।
परीक्षा की निगरानी और समन्वय के लिए डीसी कार्यालय के रूम नंबर-213 में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी और किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जाएगा।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बल्लभगढ़ और एनआईटी से विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक विशेष बस सेवाएं शुरू की हैं। इन बसों का उद्देश्य परीक्षार्थियों को समय पर और बिना किसी परेशानी के परीक्षा केंद्र तक पहुंचाना है।
एसडीएम हनी बंसल ने सभी अभ्यर्थियों से समय से पहले घर से निकलने और प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई परिवहन सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी परीक्षार्थी को रास्ते में किसी प्रकार की समस्या आती है या परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देरी की आशंका होती है, तो वह तुरंत डायल-112 पर संपर्क कर सकता है। प्रशासन और पुलिस की टीमें तत्काल सहायता उपलब्ध कराएंगी, ताकि कोई भी अभ्यर्थी परिवहन संबंधी कारणों से परीक्षा से वंचित न रहे।




