वाहन चोर गिरफ्तार, अपराध शाखा ऊंचा गांव ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की
सदर बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी बाइक, सेक्टर-3 क्षेत्र से आरोपी को दबोचकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
भावना कौशिश,फरीदाबाद। वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान असफाक, निवासी गांव रातन, जिला खगड़िया (बिहार), हाल निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, विकाश कुमार, निवासी गांव साहूपुरा, फरीदाबाद, ने थाना सदर बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को उसकी मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी थी, जिसे कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सदर बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 जुलाई को सेक्टर-3 क्षेत्र से आरोपी असफाक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।
पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और यह पता लगाने में जुटी है कि वह किसी अन्य वाहन चोरी की वारदात में भी शामिल रहा है या नहीं। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




