किताबों के साथ सुरक्षा का पाठ: फरीदाबाद पुलिस ने 500 विद्यार्थियों को किया जागरूक

सामुदायिक पुलिसिंग सेल और थाना छायसा की संयुक्त पहल, मोहना के जागृति विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हेल्पलाइन नंबरों और MANAS ऐप की भी दी गई जानकारी।

भावना कौशिश,फरीदाबाद। पुलिस आयुक्त सतेन्द्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात) जयवीर राठी के निर्देशन में सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद एवं थाना छायसा, बल्लभगढ़ द्वारा जागृति विद्यालय, मोहना में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों, नशे के दुष्प्रभाव, महिला सुरक्षा और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान थाना छायसा के प्रबंधक निरीक्षक गोपाल दास ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, संदिग्ध APK फाइलों, ओटीपी साझा न करने और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान लिंक या एप्लिकेशन को डाउनलोड करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें और किसी भी परिस्थिति में अपनी गोपनीय बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।

कार्यक्रम में नशा मुक्ति विषय पर एक प्रेरणादायक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के सामाजिक, मानसिक और शारीरिक दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम ने विशेष रूप से छात्राओं को महिलाओं के विरुद्ध अपराध (Crime Against Women), बाल विवाह निषेध अधिनियम, महिला अधिकारों और कानूनी सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। टीम ने बताया कि बाल विवाह समाज की गंभीर कुप्रथा है, जो बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और भविष्य पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार की परेशानी या अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

इसके अलावा विद्यार्थियों को आपातकालीन सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। उन्हें डायल-112, साइबर हेल्पलाइन-1930, महिला हेल्पलाइन-1091, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 तथा MANAS ऐप के उपयोग और महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर वे इन सुविधाओं का तुरंत लाभ उठा सकें।

इस जागरूकता अभियान में लगभग 500 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा, सामाजिक जिम्मेदारी, महिला सम्मान और नशा मुक्त जीवन के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया। फरीदाबाद पुलिस ने भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही, ताकि समाज में सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण हो सके।

Related Articles

Back to top button