हरियाणा के 23 खिलाड़ियों को मिली कोच की जिम्मेदारी, खेल मंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

3 सीनियर और 20 जूनियर कोच नियुक्त, 2036 ओलंपिक में 36 पदक जीतने के लक्ष्य को बताया सरकार का मिशन

भावना कौशिश,फरीदाबाद। हरियाणा सरकार ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में अवसर प्रदान करने की अपनी खेल नीति के तहत 23 खिलाड़ियों को सीनियर और जूनियर कोच के पदों पर नियुक्त किया है। गुरुवार को हरियाणा निवास में आयोजित एक कार्यक्रम में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने 3 सीनियर और 20 जूनियर प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों में 36 पदक जीतना है। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य को हासिल करने में नव नियुक्त कोचों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि जहां खिलाड़ी देश के लिए पदक जीतकर गौरव बढ़ाते हैं, वहीं प्रशिक्षक नई प्रतिभाओं को तराशकर भविष्य के चैंपियन तैयार करते हैं।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की खेल संस्कृति देशभर में एक अलग पहचान रखती है। प्रदेश के गांवों और कस्बों से निकलकर खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत और हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं। अब इन नए प्रशिक्षकों की जिम्मेदारी होगी कि वे जमीनी स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करें।

गौरव गौतम ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को केवल पदक जीतने पर सम्मानित ही नहीं करती, बल्कि उनके भविष्य को भी सुरक्षित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियां प्रदान की जा रही हैं, जिससे वे भविष्य की चिंता छोड़कर खेल और प्रशिक्षण पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकें।

खेल मंत्री ने बताया कि पिछले एक महीने के दौरान खेल विभाग द्वारा 33 खिलाड़ियों को कोच के रूप में नियुक्त किया जा चुका है। उन्होंने नव नियुक्त कोचों से आह्वान किया कि जिस अनुशासन, मेहनत और समर्पण के बल पर उन्होंने खेल जगत में सफलता हासिल की है, उसी भावना के साथ वे नई पीढ़ी को प्रशिक्षित करें।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेल नर्सरियों, स्टेडियमों और आधुनिक खेल सुविधाओं को लगातार विकसित कर रही है, ताकि प्रदेश खेलों में अपनी अग्रणी पहचान को और मजबूत बना सके।

इस अवसर पर खेल विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया, अतिरिक्त निदेशक अश्वनी मलिक तथा विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button