शेयर मार्केट में मोटे मुनाफे का झांसा देकर 41.50 लाख की साइबर ठगी, खाताधारक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार
टेलीग्राम चैनल के जरिए फंसाया शिकार, निवेश के नाम पर ठगे लाखों रुपये; दो आरोपी पुलिस रिमांड पर
भावना कौशिश,फरीदाबाद। शेयर मार्केट में अधिक मुनाफा कमाने का लालच देकर 41.50 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने खाताधारक सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में गहनता से जांच कर रही है और ठगी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-49 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने एक टेलीग्राम चैनल जॉइन किया था, जहां शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने के संदेश प्रसारित किए जाते थे। आरोपियों ने उसे एक यूआरएल भेजकर निवेश खाता खुलवाया और अधिक रिटर्न का भरोसा दिलाया।
शिकायतकर्ता ने नवंबर 2025 से दिसंबर 2025 के बीच कुल 41,50,597 रुपये निवेश कर दिए। बाद में जब उसने अपनी जमा राशि निकालने का प्रयास किया तो उसे टैक्स और अन्य शुल्कों के नाम पर अतिरिक्त रकम जमा कराने के लिए कहा गया। संदेह होने पर उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की जांच के दौरान पुलिस ने दीपक निवासी सेक्टर-2 फरीदाबाद, आकाश रावत निवासी राव कॉलोनी फरीदाबाद तथा हर्ष निवासी पलवल, हाल निवासी सेक्टर-2 फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी बल्लभगढ़ क्षेत्र के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपी हर्ष बैंक खाते का धारक है, जबकि आकाश और दीपक ने उसका बैंक खाता खुलवाकर साइबर ठगों तक पहुंचाने का काम किया था। जांच में पता चला कि उक्त खाते में साइबर ठगी से संबंधित 2 लाख 65 हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई थी।
पुलिस के अनुसार आकाश बल्लभगढ़ में सॉफ्ट ड्रिंक फैक्ट्री संचालित करता है, जबकि दीपक प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करता है। वहीं हर्ष मजदूरी करता है और उसके नाम पर बैंक खाता संचालित किया गया था।
पुलिस ने खाताधारक हर्ष को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं आरोपी आकाश और दीपक को मामले में आगे की पूछताछ और साइबर ठगी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।



