फरीदाबाद में 3 वर्षीय आदित्य हत्याकांड का खुलासा: सौतेले पिता ने ही ली मासूम की जान
पत्नी के बेटे से मिलने जाने को लेकर था नाराज, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
भावना कौशिश,फरीदाबाद | शिव दुर्गा विहार में तीन वर्षीय आदित्य की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए उसके सौतेले पिता सुशांत को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पत्नी के बार-बार अपने बेटे से मिलने मायके जाने की नाराजगी के चलते इस दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया।
रविवार को शिव दुर्गा विहार के एच ब्लॉक स्थित घर में तीन वर्षीय आदित्य का शव खून से लथपथ हालत में मिला था। बच्चे के गले पर गहरे घाव के निशान थे। घटना के समय घर में उसकी मां सुधा, सौतेला पिता सुशांत, नाना श्रीराम तिवारी और अन्य परिजन मौजूद थे।
जांच के दौरान पुलिस को घर में जबरन प्रवेश के कोई साक्ष्य नहीं मिले, जिसके बाद शक घर के अंदर मौजूद लोगों पर गया। अपराध शाखा सेक्टर-16 की टीम ने सभी से पूछताछ की और तकनीकी व परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर सुशांत को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस के अनुसार, सुधा ने पहले पति की मृत्यु के बाद आदित्य को जन्म दिया था। करीब एक वर्ष पहले उसने सुशांत से प्रेम विवाह किया था। आदित्य अपने नाना-नानी के साथ रहता था और सुधा अक्सर उससे मिलने मायके जाती थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात से दो-तीन दिन पहले सुशांत पत्नी के साथ शिव दुर्गा विहार आया था। मौका मिलते ही उसने चाकू से मासूम आदित्य का गला काट दिया और फिर वापस जाकर सामान्य तरीके से पत्नी के पास लेट गया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।
पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ करेगी। हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू की बरामदगी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।




