48 लोगों की मौत, यूक्रेन अधिकारी का दावा- रूस ने गांव के कैफे पर किया हमला

यूक्रेन के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि रूस ने देश के उत्तर पूर्वी हिस्से में एक गांव पर हमला किया जिसमें 48 लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। राष्ट्रपति के चीफ ऑफ स्टाफ एंद्री येरमाक और खारकीव के गवर्नर ओलेह सिनिहुबोव ने बताया कि रूसी बलों ने अपराह्न लगभग एक बजे खारकीव इलाके के ह्रोजा गांव स्थित दुकान और कैफे पर गोले दागे। सिनिहुबोव ने बताया कि मारे गए लोगों में छह वर्षीय एक बच्चा भी शामिल है।

PunjabKesari

इससे पहले रूस ने तड़के एक और बड़े हमले में यूक्रेन के कई इलाकों पर ड्रोन से निशाना साधा। यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की लगभग 50 यूरोपीय नेताओं के शिखर सम्मेलन में पश्चिमी सहयोगियों का समर्थन जुटाने के लिए स्पेन के दौरे पर हैं। यूक्रेन की वायुसेना ने कहा कि देश की वायु सुरक्षा ने 29 ईरानी निर्मित ड्रोन में से 24 को नाकाम कर दिया। ये ड्रोन रूस ने दक्षिणी ओडेसा, मायकोलाइव और किरोवोह्राद क्षेत्रों में दागे थे।

PunjabKesari

यूक्रेन के अधिकारियों ने जानमाल के किसी नुकसान की तत्काल कोई जानकारी नहीं दी है। यह हमला तब हुआ जब जेलेंस्की यूरोपीय राजनीतिक समुदाय (ईपीसी) के एक शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दक्षिणी स्पेन के ग्रेनाडा पहुंचे। इसका गठन फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के हमले के मद्देनजर किया गया था।

PunjabKesari

अधिकारी ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एक पोस्ट में कहा, “हमारे लिए अहम बात विशेष रूप से सर्दियों से पहले वायु रक्षा प्रणाली को मजबूत करना है और भागीदारों के साथ नए समझौतों का आधार पहले से ही मौजूद है।” पिछली सर्दियों के दौरान, रूस ने लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों से यूक्रेन की ऊर्जा प्रणाली और कई अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया, जिससे पूरे देश में लगातार बिजली कटौती शुरू हो गई।

NEWS SOURCE : punjabkesari

Related Articles

Back to top button