जिला में विभिन्न स्कूलों में ‘घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राएं, प्रतियोगिताएं एवं रैलियों का आयोजन

Faridabad : 11 अगस्त। आज शिक्षा विभाग के तत्वावधान में जिले के विभिन्न विद्यालयों में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के अंतर्गत घर-घर तिरंगा, हर-घर तिरंगा अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर छात्रों में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने के लिए तिरंगा यात्राएं, रैलियां तथा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां सम्पन्न हुईं।
तिरंगा यात्रा के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झाड़सेटली, शहीद सैनिक चांदीराम शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सागरपुर तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीकरी के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्र हाथों में तिरंगा लिए, देशभक्ति के नारे लगाते हुए गाँव-गाँव एवं मोहल्लों से होकर गुजरे। यात्रा के दौरान उन्होंने नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, उसकी गरिमा और उचित उपयोग के बारे में जागरूक किया।
बल्लभगढ़ ब्लॉक एवं फरीदाबाद ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले अनेक विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और राष्ट्र निर्माण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर अपने विचार प्रस्तुत किए। पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने तिरंगे, स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संस्कृति और एकता की झलक को रंगों के माध्यम से उकेरा।
इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और समुदाय में राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त बनाना तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुँचाना रहा। इस दौरान शिक्षकों ने छात्रों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता की जानकारी दी और बताया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आत्मा, गौरव और एकता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्राचार्यों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने सभी प्रतिभागी छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को न केवल अपने देश के इतिहास और संस्कृति से जोड़ते हैं, बल्कि उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं। अधिकारियों ने यह भी अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक नागरिक अपने घर, कार्यालय और प्रतिष्ठान पर तिरंगा अवश्य फहराए तथा राष्ट्रध्वज की मर्यादा का पालन करे।




