फरीदाबाद में फूड सप्लीमेंट की आड़ में बिक रही थीं स्टेरॉयड दवाएं, CM फ्लाइंग की रेड
NIT क्षेत्र के शैली न्यूट्रिशन स्टोर और गोदाम से 115 प्रकार की एलोपैथिक दवाएं बरामद, 90 तरह के स्टेरॉयड इंजेक्शन और टैबलेट जब्त
भावना कौशिश,फरीदाबाद । मुख्यमंत्री उड़न दस्ता और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त कार्रवाई में फूड सप्लीमेंट की आड़ में स्टेरॉयड दवाइयों की बिक्री का बड़ा मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में एलोपैथिक और स्टेरॉयड दवाएं बरामद की गईं, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़न दस्ता फरीदाबाद को गुप्त सूचना मिली थी कि नगला एनक्लेव पार्ट-2 स्थित “शैली न्यूट्रिशन” नामक स्टोर पर न्यूट्रिशन और फूड सप्लीमेंट की आड़ में अवैध रूप से स्टेरॉयड दवाएं बेची जा रही हैं। शिकायत में यह भी बताया गया कि इन दवाओं के सेवन से युवाओं की सेहत पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। सूचना के आधार पर ड्रग कंट्रोल ऑफिसर (DCO) प्रवीण राठी की टीम, मुख्यमंत्री उड़न दस्ता और स्थानीय पुलिस के साथ NIT क्षेत्र स्थित शैली न्यूट्रिशन स्टोर पर पहुंची और औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान संचालक सुरेंद्र उर्फ सोनू गोयल मौके पर मौजूद मिला।
टीम ने जब दुकान से संबंधित वैध लाइसेंस और दस्तावेज मांगे तो संचालक कोई भी वैध अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। निरीक्षण में दुकान के अंदर कई कंपनियों के फूड सप्लीमेंट के साथ बड़ी संख्या में अंग्रेजी दवाइयां रखी मिलीं।
जांच के दौरान पता चला कि दुकान संचालक ने पास की गली में एक अलग गोदाम भी बना रखा है। संयुक्त टीम ने वहां छापेमारी की तो गोदाम में भी भारी मात्रा में न्यूट्रिशन प्रोडक्ट और दवाइयां मिलीं।
ड्रग कंट्रोल विभाग की जांच में कुल 115 प्रकार की अंग्रेजी दवाओं की सूची तैयार की गई, जिनमें 90 अलग-अलग प्रकार के स्टेरॉयड इंजेक्शन और टैबलेट शामिल पाए गए। अधिकारियों के अनुसार बिना वैध अनुमति के इन दवाओं का भंडारण और बिक्री नियमों का उल्लंघन है।
DCO प्रवीण राठी ने मौके पर सभी दवाओं को दो गत्ता पेटियों में सील कर जब्त कर लिया। विभाग की ओर से आरोपी संचालक सोनू गोयल के खिलाफ कोर्ट में मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




