फरीदाबाद में जुए के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तार
दयालबाग पुलिस चौकी टीम ने गुप्त सूचना पर की रेड, मौके से 2 लाख 25 हजार 500 रुपये बरामद
भावना कौशिश,फरीदाबाद। पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सूरजकुंड की पुलिस चौकी दयालबाग की टीम ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 2 लाख 25 हजार 500 रुपये की नकदी भी बरामद की है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 15 मई को दयालबाग चौकी की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि भरत विहार दयालबाग कॉलोनी में शराब ठेके के पास कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की और चार लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजन निवासी गांव चांदहट जिला पलवल, शिवम गुप्ता निवासी लक्कड़पुर फरीदाबाद, सूरज निवासी उत्तम नगर दिल्ली और मोहम्मद इरशाद निवासी मुस्तफाबाद दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस ने मौके से जुए में इस्तेमाल की जा रही 2 लाख 25 हजार 500 रुपये की नकदी बरामद की। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना सूरजकुंड में जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।




