फरीदाबाद पुलिस का अवैध हथियारों पर बड़ा एक्शन, 3 देसी कट्टों के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच NIT, उंचा गांव और सेक्टर-65 टीम की संयुक्त कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों से दबोचे गए आरोपी, शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज
फरीदाबाद। पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 16 मई को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 3 देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच NIT की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अनीश (26), निवासी गांव बड़खल, फरीदाबाद को सेक्टर-48 क्षेत्र से अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया।
इसी तरह क्राइम ब्रांच उंचा गांव की टीम ने सुमित (22), निवासी पर्वतीय कॉलोनी, फरीदाबाद को सोतई पुल के पास से दबोचा, जिसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
वहीं क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने अरशद अली (22), निवासी सुभाष कॉलोनी, बल्लभगढ़ को कैली बाईपास चौक के पास से गिरफ्तार किया। उसके पास से भी अवैध हथियार बरामद किया गया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने और अपराधियों को संरक्षण देने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




