डबुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सट्टा खाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

भोजपुरी चौक के पास रेड कर ₹3600 बरामद, जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना डबुआ पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए सट्टा खाई करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹3600 नकद बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 17 मई को थाना डबुआ की टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि भोजपुरी चौक, हनुमान मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा खाई का काम कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर रेड की और आरोपी को रंगे हाथों काबू कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रणवीर सिंह निवासी गांव जारऊ, जिला हाथरस उत्तर प्रदेश, हाल निवासी एनआईटी फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से ₹3600 नकद बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना डबुआ में जुआ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि शहर में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button