नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, अपराध शाखा NIT ने एक और आरोपी को दबोचा
दिल्ली से गिरफ्तार हुआ गुड्डू शाह, ठगी के ₹2.40 लाख मिलने का खुलासा, तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार
भावना कौशिश,फरीदाबाद। नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में अपराध शाखा NIT की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को 17 मई को उसके दिल्ली स्थित निवास स्थान से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू शाह निवासी यूरी एन्क्लेव, कैंट दिल्ली के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार ददसीया, फरीदाबाद निवासी संजीत कुमार ने थाना SGM नगर में शिकायत दी थी कि उसकी जान-पहचान आकाश नामक व्यक्ति से हुई थी। आकाश ने खुद को लोगों को नौकरी दिलाने वाला बताकर भरोसा जीता। उसकी बातों में आकर संजीत ने अपने साले को नौकरी दिलाने के लिए ₹3,14,000 आकाश के खाते में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद संजीत ने नौकरी की तलाश कर रहे अन्य लोगों को भी आकाश से मिलवाया। आरोप है कि आकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर कुल ₹31,74,000 की ठगी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना SGM नगर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गुड्डू शाह ने भी नौकरी लगवाने के नाम पर आकाश की मदद से लोगों से पैसे लिए थे। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से ₹2,40,000 गुड्डू शाह के पास पहुंचे थे।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर आगामी पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में इससे पहले आकाश, प्रवेश और सन्नी नामक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और ठगी में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।




