चलती कार पर फायरिंग कर हत्या के प्रयास का मामला, अपराध शाखा NIT ने एक और आरोपित को दबोचा
पुरानी रंजिश में की गई थी फायरिंग, पुलिस ने आशीष को किया गिरफ्तार; पहले दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा संगीन अपराधों में शामिल आरोपितों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा NIT की टीम ने चलती कार पर फायरिंग कर हत्या का प्रयास करने के मामले में एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आशीष निवासी सूर्या विहार पार्ट-3, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार हिमांशु निवासी NIT-5 ने शिकायत दी थी कि 16 अप्रैल की रात करीब 1 बजे वह अपने साथियों सागर, राहुल और साहिल के साथ कार में BK चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो बलेनो कार और एक स्कॉर्पियो उनकी गाड़ी के पीछे लग गई।
शिकायत के मुताबिक Doctor Today Hospital के पास एक बलेनो कार उनकी गाड़ी के बराबर आई, जिसमें देव, अंशुमन, पियूष, ह्रदय, मोहित और ईशांत सवार थे। आरोप है कि इसी दौरान कार में बैठे एक युवक ने उनकी गाड़ी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के दोस्त जतिन की पियूष के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी विवाद के चलते आरोपितों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपित आशीष ने पिस्टल से फायर किया था।
पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में मोहित और ह्रदय नामक दो आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।




