चंदावली पुल के पास सीवर लाइन निर्माण कार्य का निरीक्षण, लोगों को जल्द मिलेगी राहत
भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा ने अधिकारियों को दिए गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य के निर्देश
भावना कौशिश,फरीदाबाद। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंडित मूलचंद शर्मा के बड़े भाई एवं भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा ने चंदावली पुल के पास चल रहे सीवर लाइन निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्य कर रही एजेंसी को निर्माण कार्य तय समय में और बेहतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष संजय जांगिड़, स्वराज सिंह भाटी, पार्षद दीपक यादव, प्रधान आर्य नगर रामकिशन शर्मा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने बताया कि नई सीवर लाइन शुरू होने के बाद आर्य नगर, कुंदन कॉलोनी, भीमसेन कॉलोनी, भाटिया कॉलोनी सहित आसपास के कई क्षेत्रों के लोगों को सीवर संबंधी समस्याओं से बड़ी राहत मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्र के लोग गंदे पानी की निकासी और जलभराव जैसी परेशानियों का सामना कर रहे थे, जिसके समाधान के लिए यह महत्वपूर्ण कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
टिपरचंद शर्मा ने कहा कि विधायक पंडित मूलचंद शर्मा क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार जनता की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही यह सीवर लाइन परियोजना पूरी कर जनता को समर्पित की जाएगी, जिससे हजारों लोगों को लाभ मिलेगा।




