दोस्त का जानकार बनकर व्हाट्सएप कॉल से ठगे 40 हजार रुपये

साइबर थाना सेंट्रल की कार्रवाई, खाताधारक सहित दो आरोपी ग्वालियर से गिरफ्तार

भावना कौशिश,फरीदाबाद। व्हाट्सएप कॉल के जरिए दोस्त का परिचित बनकर 40 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने खाताधारक सहित दो आरोपियों को ग्वालियर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुशवाह तथा प्रताप परिहार उर्फ मोनू के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-30 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि 22 फरवरी को उसके पास एक व्हाट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसके दोस्त रंजन सिंह का जानकार बताते हुए मदद के नाम पर रुपये मांगे। दोस्त समझकर उसने बताए गए बैंक खाते में 40 हजार रुपये भेज दिए। बाद में जब उसने अपने दोस्त रंजन सिंह से संपर्क किया तो पता चला कि उसके नाम का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की गई है।

शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि अमित खाताधारक है, जबकि प्रताप ने उसका बैंक खाता साइबर ठगों तक पहुंचाया था। ठगी के 40 हजार रुपये इसी खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

पुलिस जांच में पता चला कि अमित ग्वालियर के एक होटल में वेटर का काम करता है, जबकि प्रताप वाहन चालक है। दोनों की मुलाकात होटल में हुई थी। प्रताप ने अमित का बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

Related Articles

Back to top button