7 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
गोरखपुर से मंगवाया था अवैध नशा, अपराध शाखा सेक्टर-56 की कार्रवाई
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने 7 किलो 200 ग्राम गांजा सहित एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल मिश्रा के रूप में हुई है, जो वर्तमान में संजय कॉलोनी थाना मुजेसर क्षेत्र में रह रहा था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 22 मई को अपराध शाखा सेक्टर-56 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सेक्टर-56 क्षेत्र स्थित शराब ठेके के पास से आरोपी को काबू किया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 7 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मूल रूप से बिहार के मोतीहारी जिले का रहने वाला है और सेक्टर-24 की एक निजी कंपनी में मजदूरी का काम करता है। उसने अपने एक जानकार के माध्यम से गोरखपुर उत्तर प्रदेश से 60 हजार रुपये में गांजा मंगवाया था, जिसे वह आगे बेचने की तैयारी में था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और मामले में गहन पूछताछ जारी है।




