लापरवाही बरतने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई : डीसी

डीसी ने परीक्षा के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट, ट्रांजिट आफिसर व एलआईओ को दिए नियमानुसार सफल संचालन के निर्देश

 

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद में 24 मई को आयोजित होने वाली यूपीएससी सिविल सर्विस प्रीलिमिनरी परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और पारदर्शी संचालन के लिए शनिवार को सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी कन्वेंशन हॉल में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त आयुष सिन्हा ने की, जिसमें सेंटर सुपरवाइजर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर (एलआईओ) और ट्रांजिट ऑफिसर मौजूद रहे।

डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि जिले में कुल 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें एक केंद्र दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष रूप से निर्धारित किया गया है। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक चलेगी।

डीसी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जाएगा। किसी भी अनियमितता की स्थिति में संबंधित अधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, बायोमेट्रिक के लिए इंटरनेट कनेक्टिविटी, सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर और फेस ऑथेंटिकेशन जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस बार परीक्षा में फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया लागू की जा रही है, जिसके लिए सभी इनविजिलेटर्स को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया है।

गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने सभी केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल, ओआरएस, छायादार प्रतीक्षा स्थल और मेडिकल सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रखने के आदेश भी दिए गए हैं।

अभ्यर्थियों के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल वैध एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र के आधार पर ही मिलेगा। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि यूपीएससी परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करें।

Related Articles

Back to top button