जवाहर कॉलोनी जलघर में महिलाओं का हंगामा, पार्षद गायत्री देवी के खिलाफ महिलाओं ने किया प्रदर्शन

पानी की समस्या से परेशान महिलाओं ने निगम कार्यालय पर जड़ा ताला, कर्मचारियों को किया बंद

भावना कौशिश,फरीदाबाद । फरीदाबाद की जवाहर कॉलोनी स्थित क्षेत्रीय कार्यालय जलघर में सोमवार को पानी की समस्या को लेकर महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। वार्ड नंबर-6 की पार्षद गायत्री देवी और स्थानीय विधायक के खिलाफ महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।

महिलाओं का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन पार्षद और संबंधित जनप्रतिनिधियों द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। भीषण गर्मी के बीच पानी की कमी से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

आक्रोशित महिलाएं बड़ी संख्या में जलघर कार्यालय पहुंचीं और निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्याओं को अनसुना किया जा रहा है।

गुस्साई महिलाओं ने जलघर कार्यालय के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया और अंदर मौजूद कर्मचारियों को कुछ समय के लिए कार्यालय में ही बंद कर दिया। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और महिलाओं को जल्द समस्या समाधान का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद महिलाओं ने प्रदर्शन समाप्त किया।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पानी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button