मंदिर में चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, घंटा और दान पात्र चोरी का खुलासा
अपराध शाखा ऊंचा गांव की कार्रवाई, चोरी में इस्तेमाल ई-रिक्शा और नकदी बरामद
भावना कौशिश, फरीदाबाद । पुलिस ने मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने मंदिर से दान पात्र और पीतल का घंटा चोरी करने के मामले में आरोपी अजय को गिरफ्तार किया है, जो गांव पलवली का रहने वाला है और वर्तमान में सेक्टर-85 स्थित अमोलिक चौक की झुग्गियों में रह रहा था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी भारत राजपाल ने थाना सेक्टर-31 में शिकायत दर्ज कराई थी कि 18 और 19 मई की रात अज्ञात चोर मंदिर से दान पात्र और पीतल का घंटा चोरी कर ले गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने दो अन्य साथियों के साथ ई-रिक्शा में मंदिर पहुंचा था। देर रात मंदिर में घुसकर तीनों ने दान पात्र और घंटा चोरी किया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पीतल का घंटा, वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा और 7,190 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




