पानी का बिल भरने के नाम पर 15.34 लाख की साइबर ठगी, गुजरात से एक और आरोपी गिरफ्तार
APK फाइल भेजकर स्कूल के खाते से उड़ाए गए थे लाखों रुपये, साइबर थाना बल्लभगढ़ की बड़ी कार्रवाई
भावना कौशिश, फरीदाबाद। फरीदाबाद में साइबर ठगी के एक बड़े मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने अहम कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद शाद जाफर अली निवासी अहमदाबाद, गुजरात के रूप में हुई है, जिसे 23 मई को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आरोपियों ने पानी का बिल जमा करने के नाम पर एक APK फाइल भेजी थी। जैसे ही फाइल डाउनलोड की गई, ठगों ने मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना ली और स्कूल के खाते से 15 लाख 34 हजार 699 रुपये की रकम निकाल ली।
जांच में सामने आया कि आरोपी मोहम्मद शाद जाफर अली ने अपने एक साथी के जरिए करीब 7 लाख रुपये के अलग-अलग बिजली बिलों की जानकारी साइबर ठगों तक पहुंचाई थी। ठगी की रकम से बिजली के बिलों का भुगतान भी किया गया था। आरोपी को आगे की पूछताछ के लिए 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मामला सेक्टर-9 फरीदाबाद स्थित एक स्कूल से जुड़ा हुआ है। स्कूल संचालक ने शिकायत में बताया था कि स्कूल के बैंक खाते में अकाउंटेंट रघुवीर का मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड था। 9 दिसंबर को अकाउंटेंट के मोबाइल पर लगातार OTP और पैसे कटने के मैसेज आने लगे। जांच करने पर पता चला कि खाते से कुल 15,34,699 रुपये निकाल लिए गए हैं।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, APK फाइल या मोबाइल एप्लीकेशन को डाउनलोड करने से पहले पूरी सावधानी बरतें और साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहें।




