ग्रेटर फरीदाबाद में विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार, मानसून से पहले जलभराव रोकने के निर्देश : राजेश नागर

FMDA बैठक में सीवर, पेयजल, मास्टर रोड, स्ट्रीट लाइट और ग्रीन बेल्ट सौंदर्यीकरण समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

भावना कौशिश,फरीदाबाद। हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर ने कहा कि ग्रेटर फरीदाबाद और शहर के विभिन्न सेक्टरों में विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। FMDA की समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति पैदा न हो।

मंत्री राजेश नागर ने बताया कि बैठक में ग्रेटर फरीदाबाद के मास्टर रोड, सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि अशोका एन्क्लेव और सेक्टर-37 में पानी की नई लाइन डालने का मुद्दा भी एजेंडे में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि ग्रेटर फरीदाबाद के मास्टर रोडों के सौंदर्यीकरण के तहत तीन प्रमुख चौराहों पर राउंडअबाउट बनाए जा चुके हैं, जबकि सात अन्य चौराहों पर भी इसी तरह के कार्य किए जाएंगे ताकि ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की समस्या कम हो सके।

सीवर ओवरफ्लो की समस्या पर मंत्री ने कहा कि कई क्षेत्रों में सीवर लाइन की सफाई और सुधार के लिए नए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और जल्द ही काम शुरू होगा। साथ ही फरीदपुर रोड और अन्य प्रमुख मार्गों के सुधार को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।

राजेश नागर ने कहा कि गंगा जल परियोजना के तहत ग्रेटर फरीदाबाद और आसपास के सेक्टरों को भी पर्याप्त पानी का लाभ मिले, इसके लिए विशेष रूप से योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा मास्टर रोडों की हॉर्टिकल्चर, लैंडस्केपिंग और ग्रीन बेल्ट ब्यूटिफिकेशन पर भी जोर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नई स्वीपिंग मशीनें लगाई जाएंगी, जो रात के समय सड़कों की सफाई करेंगी। वहीं खराब स्ट्रीट लाइटों को लेकर भी अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

ट्यूबवेल और रिन्यूअल लाइन को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री ने कहा कि पुरानी पाइपलाइनों में लीकेज की समस्या को देखते हुए नई समानांतर लाइन बिछाने की योजना पर काम किया जा रहा है, जिससे पानी की आपूर्ति बेहतर हो सके।

विभिन्न विभागों के बीच तालमेल को लेकर उन्होंने कहा कि शुरुआत में कुछ दिक्कतें जरूर आई थीं, लेकिन अब सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ काम कर रहे हैं और हर अधिकारी को अपने कार्यक्षेत्र की जिम्मेदारी स्पष्ट है।

SIR मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में मंत्री राजेश नागर ने कहा कि यह एक सामान्य प्रक्रिया है और पहले भी सरकारों के समय इस तरह की प्रक्रियाएं होती रही हैं। उन्होंने कहा कि इसका विरोध करने के बजाय सभी दलों को मिलकर सकारात्मक सहयोग करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button