अवैध कट्टे के साथ गिरफ्तार आरोपी निकला चोरी का मास्टरमाइंड, सेक्टर-8 की वारदात का खुलासा

क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की कार्रवाई, दो आरोपियों को भेजा गया जेल

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखाएं लगातार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही हैं। इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने एक आरोपी को अवैध देशी कट्टा और कारतूस सहित गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पूछताछ के दौरान आरोपी से घर में चोरी की वारदात का भी खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनीश निवासी गांव झगवली जिला उत्तर प्रदेश, हाल निवासी सेक्टर-3 फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 26 मई को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना सेक्टर-8 में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच अपराध शाखा सेक्टर-85 को सौंपी गई।

पूछताछ के दौरान आरोपी अनीश ने खुलासा किया कि उसने सचिन नामक युवक से अवैध देशी कट्टा लिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 27 मई की सुबह सेक्टर-3 निवासी सचिन को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ में 22 अप्रैल को सेक्टर-8 स्थित एक मकान में घुसकर सोने के आभूषण चोरी करने की वारदात का भी खुलासा हुआ है। आरोपियों ने पूछताछ में चोरी की घटना को कबूल किया है।

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। अब पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर लेकर चोरी के मामले में आगे की पूछताछ करेगी, ताकि चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाया जा सके।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button