इंस्टाग्राम पर ‘तांत्रिक’ का जाल, पारिवारिक सुख-शांति के नाम पर महिला से 18,500 रुपये की ठगी

परेशानियों का समाधान और पूजा-पाठ का झांसा देकर कथित तांत्रिक ने ऐंठे पैसे, रकम लेने के बाद बंद किया फोन; साइबर पुलिस ने शुरू की जांच।

भावना कौशिश,फरीदाबाद। सोशल मीडिया पर विज्ञापन देकर लोगों की समस्याओं का समाधान करने का दावा करने वाले कथित तांत्रिकों से सावधान रहने की जरूरत है। फरीदाबाद की एक महिला पारिवारिक परेशानियों के समाधान के नाम पर 18,500 रुपये की ठगी का शिकार हो गई।

सेक्टर-89 स्थित फेरस सिटी फेज-2 निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पारिवारिक समस्याओं से परेशान थी और किसी धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से समाधान चाहती थी। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर उसे ‘कृष्णा तांत्रिक’ नाम का एक पेज दिखाई दिया, जिसमें विभिन्न समस्याओं को दूर करने का दावा किया गया था।

महिला ने दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो सामने वाले व्यक्ति ने भरोसा दिलाया कि वह उसकी सभी परेशानियां खत्म कर देगा। शुरुआत में कथित तांत्रिक ने पूजा-पाठ के लिए 10 लाख रुपये खर्च होने की बात कही और अग्रिम राशि जमा कराने का दबाव बनाया। महिला के मना करने पर आरोपी लगातार व्हाट्सएप कॉल और संदेश भेजकर पैसे जमा कराने के लिए कहता रहा।

22 फरवरी को आरोपी ने महिला को एक क्यूआर कोड भेजा और उपलब्ध राशि ट्रांसफर करने को कहा। महिला ने 18,500 रुपये उसके बताए खाते में भेज दिए। इसके बाद आरोपी ने काम शुरू करने के बजाय और पैसों की मांग करनी शुरू कर दी। जब महिला ने अपने पैसे वापस मांगे तो पहले बहाने बनाए गए और बाद में उसका फोन उठाना ही बंद कर दिया गया।

कुछ दिनों बाद आरोपी का मोबाइल नंबर भी बंद हो गया। महिला को ठगी का संदेह तब हुआ जब उसने इंस्टाग्राम पर मौजूद दूसरे नंबर पर किसी अन्य नाम से संपर्क किया और वहां भी उसी प्रकार पैसे मांगने की बात सामने आई।

पीड़िता ने राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद साइबर थाना सेंट्रल पुलिस में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बैंक खाते, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच कर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले ऐसे विज्ञापनों और चमत्कारिक दावों पर भरोसा न करें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान करने से पहले पूरी तरह जांच-पड़ताल अवश्य करें।

Related Articles

Back to top button