फरीदाबाद पुलिस का अवैध हथियारों पर बड़ा प्रहार, 3 आरोपी गिरफ्तार; 3 देसी कट्टे बरामद
अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई कर अपराध शाखाओं ने दबोचे आरोपी, एक से बाइक चोरी के मामले का भी खुलासा
भावना कौशिश,फरीदाबाद। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभिन्न अपराध शाखाओं और विशेष टीमों ने 2 जून को अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने सलमान उर्फ सल्लू, निवासी किला कॉलोनी, गौतमबुद्ध नगर (उत्तर प्रदेश) को एयर फोर्स ग्राउंड, एनआईटी-4 क्षेत्र से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी से थाना मुजेसर क्षेत्र में दर्ज एक मोटरसाइकिल चोरी के मामले का भी खुलासा हुआ है।
वहीं एवीटीएस सिकरोना की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए नासिर उर्फ भौपा, निवासी गांव धौज, जिला फरीदाबाद को सेक्टर-58 स्थित करनेरा पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया गया।
इसके अलावा अपराध शाखा भूपानी की टीम ने विनय, निवासी साकदेहरी, गाजीपुर (हाल निवासी गांव सिही, फरीदाबाद) को गुरुग्राम कैनाल नहर पुल, सेक्टर-3 कट के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




