नेहरू कॉलोनी में नगर निगम की तोड़फोड़ कार्रवाई जारी, 17 नंबर चुंगी तक चलेगा अभियान

कई परिवार बेघर, मलबे के बीच गुजर रही जिंदगी; प्रशासन ने पहले ही दी थी चेतावनी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। नेहरू कॉलोनी में नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए चलाया जा रहा तोड़फोड़ अभियान लगातार जारी है। पिछले कई दिनों से चल रही यह कार्रवाई अब तीन नंबर पुलिया से आगे बढ़ते हुए 17 नंबर चुंगी की ओर पहुंच चुकी है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई शुरू होने से पहले प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों को नोटिस और चेतावनी देकर अपना सामान स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों का कहना था कि निगम की कार्रवाई के दौरान अधिक नुकसान हो सकता है, इसलिए लोग समय रहते अपने सामान और घरों को खाली कर दें।

इसके बावजूद कई परिवार अब भी अपने टूटे हुए मकानों के मलबे के बीच रहने को मजबूर हैं। प्रभावित लोगों का कहना है कि वे वर्षों से इस इलाके में रह रहे थे और अचानक घर टूट जाने के बाद उनके सामने रहने, खाने और रोजमर्रा की जरूरतों का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन और सरकार के प्रति नाराजगी भी जाहिर की है। उनका कहना है कि जिन लोगों के पास दूसरी जगह मकान या प्लॉट हैं, वे वहां चले गए हैं, लेकिन जिनके पास कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं है, उनके सामने सबसे बड़ी समस्या सिर छिपाने की है।

मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और पूरे क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। निगम अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है और 17 नंबर चुंगी तक अभियान जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button