फरीदाबाद में दर्दनाक हादसा: तेज तूफान में गैन्ट्री मशीन गिरने से इंजीनियर समेत 3 की मौत
जेवर एयरपोर्ट कनेक्टिविटी फ्लाईओवर निर्माण स्थल पर हुआ हादसा, 9 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद निकाले गए शव; प्रशासन ने जांच के दिए आदेश
भावना कौशिश,फरीदाबाद। जिले के पनहेड़ा खुर्द गांव के पास जेवर एयरपोर्ट से जुड़े फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज आंधी और तूफान के बीच निर्माण स्थल पर लगी भारी गैन्ट्री मशीन कंटेनर के ऊपर गिर गई, जिससे एक इंजीनियर सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे तेज तूफान के दौरान निर्माण कार्य में लगे इंजीनियर और तीन मजदूर सुरक्षा के लिए फ्लाईओवर के नीचे रखे कंटेनर में चले गए थे। बताया जा रहा है कि सभी वहां भोजन कर रहे थे। इसी दौरान फ्लाईओवर निर्माण में इस्तेमाल की जा रही विशाल गैन्ट्री मशीन अपने ट्रैक से खिसक गई और दूसरी मशीन से टकराकर नीचे कंटेनर पर जा गिरी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल घटनास्थल पर पहुंच गए। भारी मशीनरी की सहायता से मलबा हटाकर बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब 9 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रात लगभग 10 बजे सभी को बाहर निकाला गया। हादसे में पंजाब निवासी इंजीनियर सत्तार और राजस्थान निवासी मजदूर मनीष समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक घायल मजदूर को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि गैन्ट्री मशीन के ब्रेक सही तरीके से नहीं लगाए गए थे। तेज हवाओं के कारण मशीन अपने स्थान से खिसक गई और यह हादसा हो गया। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
बल्लभगढ़ डीसीपी प्रतीक ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया था। वहीं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट मुख्यमंत्री कार्यालय को भी भेज दी गई है। मृतकों के शवों का पोस्टमॉर्टम शुक्रवार को कराया जाएगा।
गौरतलब है कि गैन्ट्री मशीन का उपयोग बड़े निर्माण कार्यों में भारी कंक्रीट सेगमेंट, स्टील गार्डर और अन्य भारी सामग्री को उठाने और स्थानांतरित करने के लिए किया जाता है। इसकी भार वहन क्षमता सैकड़ों टन तक होती है।




