क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की कार्रवाई, अवैध देसी कट्टे के साथ युवक गिरफ्तार
कैनाल रोड खेड़ीपुल से दबोचा गया आरोपी, शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने एक युवक को अवैध देसी कट्टे सहित गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी की पहचान निलेश इक्का (28), निवासी अमर नगर, सेक्टर-31, फरीदाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को कैनाल रोड, खेड़ीपुल क्षेत्र से अवैध देसी कट्टे सहित काबू किया। आरोपी के खिलाफ थाना खेड़ीपुल में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी डिलीवरी बॉय का काम करता है। पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि वह करीब दो वर्ष पहले झारखंड से 5,000 रुपये में यह देसी कट्टा खरीदकर लाया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी 10वीं पास है तथा उसके खिलाफ पूर्व में चोरी के दो मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने और अपराध को बढ़ावा देने वाले तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।




