फरीदाबाद पुलिस की जुआ अधिनियम के तहत बड़ी कार्रवाई, सट्टा खाई करते 2 आरोपी गिरफ्तार
क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने ₹8,920 नकद बरामद किए, दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा जुआ अधिनियम के अंतर्गत सट्टा खाई करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 5 जून को क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ₹8,920 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि आशियाना फ्लैट्स, सेक्टर-56 के पास सट्टा खाई की जा रही है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने मौके पर छापेमारी की और सुनील (42), निवासी भड़ाना चौक पार्ट-2, सारन, फरीदाबाद को सट्टा खाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से जुए से संबंधित ₹5,120 नकद बरामद किए।
वहीं दूसरे मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम ने विजय कुमार (28), निवासी ओखला, दिल्ली को लकड़पुर फाटक, दयालबाग क्षेत्र से सट्टा खाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से ₹3,800 नकद बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में जुआ अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टेबाजी के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।




