गाजीपुर गांव में युवक का शव मिलने से सनसनी, छाती में चाकू के वार के मिले निशान

खुले मैदान में मिला शव, हत्या की आशंका; पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के गाजीपुर गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब खुले मैदान में एक युवक का शव बरामद हुआ। शव पर मिले चोट के निशान और छाती में घोंपे गए चाकू ने हत्या की आशंका को और गहरा कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने गाजीपुर गांव के एक खुले मैदान में एक युवक का शव पड़ा देखा। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी।

प्राथमिक जांच में युवक की छाती पर चाकू से वार किए जाने के निशान मिले हैं। इसके अलावा शरीर पर भी कई चोटों के निशान पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि युवक की पहचान होने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी जांच में शामिल किया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों तक पहुंचा जा सके।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, हत्या किसने की और इसके पीछे क्या कारण रहे, यह सभी सवाल जांच के दायरे में हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button