अवैध हथियार रखने वालों पर फरीदाबाद पुलिस का शिकंजा, 3 आरोपी गिरफ्तार

तीन देसी कट्टे और एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद, आरोपियों को भेजा गया जेल

भावना कौशिश,फरीदाबाद। अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 8 जून को विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन अवैध देसी कट्टे तथा एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने एसजीएम नगर निवासी प्रिंस (27) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और चोरी समेत कुल 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस संबंध में थाना पल्ला में मामला दर्ज किया गया है।

वहीं अपराध शाखा एवीटीएस भूपानी की टीम ने भारत कॉलोनी निवासी छोटेलाल (35) को खेड़ीपुल क्षेत्र से एक अवैध देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।

एक अन्य कार्रवाई में अपराध शाखा एवीटीएस सिकरोना की टीम ने सुबेदार कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी देव उर्फ देबू (21) को सेक्टर-62 स्थित आशियाना फ्लैट के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा और एक चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ थाना आदर्श नगर में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button