सूने मकान में चोरी करने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार

सेक्टर-8 में ताला तोड़कर नकदी और सोने के आभूषण उड़ाए, क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 ने 3 दिन के रिमांड पर लिया

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने सेक्टर-8 स्थित एक मकान में चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सचिन गंभीर (40) और अनीश (36), निवासी सेक्टर-3 फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-8 पुलिस चौकी में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह 20 अप्रैल को किसी काम से गुरुग्राम गई हुई थी। जब 23 अप्रैल को वापस घर लौटी तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर रखे सोने के आभूषण और करीब 1.50 लाख रुपये नकद गायब थे। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-8 में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और नशे के आदी भी हैं। आरोपियों ने वारदात से पहले मकान की रेकी की थी और घर के गेट का ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ पहले से चोरी और शस्त्र अधिनियम के लगभग 6-6 मामले दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान चोरी किए गए नकदी और आभूषणों की बरामदगी के लिए पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button