फरीदाबाद पुलिस की बड़ी सफलता: 3 दिन में बिहार से सकुशल बरामद हुई 17 वर्षीय गुमशुदा किशोरी
सेक्टर-15 चौकी पुलिस की तत्परता रंग लाई, बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने जताया आभार
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए गुमशुदा 17 वर्षीय किशोरी को महज तीन दिन के भीतर बिहार के गया जिले से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों से मिला दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस चौकी सेक्टर-15 की टीम की हर ओर प्रशंसा हो रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-15 निवासी रामदयाल, जो पेशे से सिक्योरिटी गार्ड हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी 17 वर्षीय बेटी 7 जून 2026 को घर से मदर डेयरी बूथ पर दूध लेने गई थी, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद वापस नहीं लौटी। परिवार ने अपने स्तर पर उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बेटी के अचानक लापता होने से परिजन बेहद चिंतित और परेशान थे।
शिकायत मिलते ही थाना सेंट्रल में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी सेक्टर-15 के प्रभारी उप निरीक्षक ओम प्रकाश के नेतृत्व में तथा प्रधान सिपाही धर्मवीर की देखरेख में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों, मोबाइल लोकेशन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। लगातार प्रयासों और पेशेवर जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम बिहार के गया जिले पहुंची और 10 जून को किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।
सभी आवश्यक कानूनी और औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद 11 जून को किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी के सुरक्षित घर लौटने पर परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। परिजनों ने फरीदाबाद पुलिस, विशेष रूप से पुलिस चौकी सेक्टर-15 की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समर्पित प्रयासों की बदौलत उनकी बेटी सुरक्षित वापस घर लौट सकी।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, सहायता और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस आगे भी इसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करती रहेगी।




