पिता पर चाकू से हमला करने वाला बेटा और उसका साथी गिरफ्तार

पारिवारिक विवाद के चलते वारदात को दिया था अंजाम, थाना पल्ला पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोचा

भावना कौशिश,फरीदाबाद। थाना पल्ला पुलिस ने पिता पर जानलेवा हमला करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पुत्र और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों ने पारिवारिक विवाद के चलते शिकायतकर्ता पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भरत, निवासी गांव खरकानाटोली, जिला बागेश्वर (उत्तराखंड), हाल निवासी नोएडा तथा उसके साथी ओमकार, निवासी भूडनगरिया, अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी शिव कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने भरत को 11 जून और ओमकार को 12 जून को गिरफ्तार किया।

शिव कॉलोनी निवासी धन सिंह ने थाना पल्ला में दर्ज शिकायत में बताया था कि 4 अप्रैल 2026 को वह किसी कार्य से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान उनके पुत्र भरत और उसके साथी ओमकार ने रास्ते में उन्हें रोक लिया। दोनों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और चाकू से कई वार किए। हमले में धन सिंह की पसली, कुल्हे और बाजू के पास गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।

शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि भरत की मां और पिता के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण वह अपनी मां के साथ नोएडा में रह रहा था। जांच में पता चला कि 3 अप्रैल को उसके पिता ने फोन पर उसकी मां के साथ गाली-गलौज की थी। इसी बात से नाराज होकर भरत ने अपने दोस्त ओमकार को बुलाया। ओमकार अपने साथ चाकू लेकर आया और दोनों ने मिलकर धन सिंह पर हमला कर दिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से भरत को दो दिन तथा ओमकार को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button