फरीदाबाद में 3 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या, परिवार के बीच सोया था बच्चा
शिवदुर्गा विहार कॉलोनी में सनसनी, घर के अंदर मिला गला कटा शव; पुलिस तांत्रिक क्रिया, पारिवारिक विवाद समेत हर एंगल खंगाल रही
भावना कौशिश,फरीदाबाद। दिल्ली से सटे शिवदुर्गा विहार कॉलोनी में एक तीन वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। शनिवार रात परिवार के सदस्यों के साथ सोया मासूम आदित्य रविवार सुबह घर के अंदर खून से लथपथ मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में उसके गले पर धारदार वस्तु से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आदित्य अपनी मां सुधा तिवारी, नाना श्रीराम तिवारी और नानी बिंदू के साथ रहता था। शनिवार रात घर में परिवार के कई सदस्य मौजूद थे। बताया गया है कि सुधा अपने पति सुशांत के साथ ऊपर बने कमरे में सोई थीं, जबकि अन्य सदस्य नीचे एक ही कमरे में आराम कर रहे थे। आदित्य भी उन्हीं के साथ सोया हुआ था।
परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले सुधा अपने पति के साथ मायके आई थीं। घर में नाना की मौसी राजकुमारी के अलावा नानी की बहन और उनकी भांजी भी ठहरी हुई थीं। रविवार तड़के करीब पांच बजे नानी अपनी बहन और भांजी के साथ राजस्थान के लिए रवाना हो गईं। इसके बाद घर के सदस्य अपने दैनिक कार्यों में व्यस्त हो गए।
सुबह करीब 10 बजे जब सुधा नीचे आईं तो उन्होंने आदित्य को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक आदित्य का जन्म उसके पिता की मृत्यु के बाद हुआ था। बताया जाता है कि सुधा के पहले पति का विवाह के कुछ माह बाद ही निधन हो गया था। बाद में उन्होंने एसजीएम नगर निवासी सुशांत के साथ कोर्ट मैरिज कर ली थी। आदित्य का लालन-पालन मुख्य रूप से उसके नाना-नानी ने किया था।
सूत्रों के मुताबिक, जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। बताया जा रहा है कि डस्टबिन से एक शेविंग ब्लेड और कुछ संदिग्ध सामग्री बरामद हुई है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दयालबाग चौकी प्रभारी रामकुमार ने बताया कि अब तक की जांच में घर में किसी बाहरी व्यक्ति के जबरन प्रवेश के संकेत नहीं मिले हैं। घर में मौजूद सभी लोगों से पूछताछ की जा चुकी है और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस तांत्रिक क्रिया, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं, मासूम आदित्य की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। जिस घर में उसकी किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।



