फरीदाबाद में बुजुर्ग महिला ने बहू पर लगाए मारपीट के आरोप, CCTV तार काटकर कमरे में बंधक बनाने की शिकायत
मुजेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच, मेडिकल रिपोर्ट में चोट और दर्द की पुष्टि
भावना कौशिश,फरीदाबाद। मुजेसर थाना क्षेत्र की संजय कॉलोनी में एक 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अपनी बहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि उनकी बहू ने पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरों और इंटरनेट कनेक्शन के तार काट दिए और इसके बाद उन्हें कमरे में बंद कर मारपीट की। शिकायत के आधार पर मुजेसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता राजवती ने पुलिस को बताया कि वह रीढ़ की हड्डी की गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं, जिसके कारण उन्हें चलने-फिरने में काफी परेशानी होती है। उनकी देखभाल उनकी छोटी बेटी स्वाति करती है, जो अक्सर उनके साथ रहती है।
महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उनके बेटे नरेंद्र की वर्ष 2012 में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद से परिवार में विवाद की स्थिति बनी हुई है। उनका आरोप है कि उनकी बहू अंजू ठाकुर 13 मई को घर में आकर रहने लगी थी, जिसके बाद से लगातार तनाव और विवाद का माहौल बना हुआ था।
पीड़िता के अनुसार, 19 जून की सुबह जब वह अपनी बेटी के घर से वापस लौटीं तो उन्होंने देखा कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरों और इंटरनेट के तार कटे हुए थे। इसके बाद जैसे ही वह अपने कमरे में पहुंचीं, उनकी बहू ने दरवाजा बंद कर दिया और कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि उनके बाल पकड़कर खींचे गए तथा लात-घूंसों से हमला किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार के अन्य सदस्यों को झूठे मामलों में फंसाने और जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़िता ने अपनी बेटी को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मेडिकल जांच में महिला ने शरीर के विभिन्न हिस्सों में दर्द और चोट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया, जहां सीसीटीवी के कटे हुए तार पाए गए।
मुजेसर थाना प्रभारी पूरन सिंह ने बताया कि शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी महिला को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेजा जाएगा और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




