अवैध हथियार रखने वालों पर फरीदाबाद पुलिस का प्रहार जारी
दो आरोपित गिरफ्तार, कब्जे से 2 देसी कट्टे बरामद; दोनों को भेजा गया जेल
भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 23 जून को अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने अंकित (33), निवासी गांव पल्ला, फरीदाबाद को सेक्टर-58 स्थित अटल पार्क के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि आरोपित के खिलाफ पूर्व में आर्म्स एक्ट और चोरी समेत चार मामले दर्ज हैं। इस संबंध में थाना सेक्टर-58 में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में क्राइम ब्रांच एवीटीएस भूपानी की टीम ने विशाल (33), निवासी इटावा, उत्तर प्रदेश को भूपानी रेलवे पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से भी एक अवैध देसी कट्टा बरामद किया। आरोपित के खिलाफ थाना ओल्ड फरीदाबाद में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
दोनों आरोपितों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




