फरीदाबाद में बाइक रिपेयरिंग की दुकान में भीषण आग, 4 लाख का नुकसान
सुरूरपुर गांव की घटना, सुबह धुआं उठता देख पड़ोसियों ने दी सूचना; शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
भावना कौशिश,फरीदाबाद। जिले के सुरूरपुर गांव में रविवार सुबह एक बाइक रिपेयरिंग की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे दुकान के अंदर खड़ी कई पुरानी बाइकें, एक नई बाइक, एक स्कूटी, स्पेयर पार्ट्स, रिपेयरिंग उपकरण, टायर, इंजन ऑयल और अन्य सामान जलकर राख हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय दुकान बंद थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
दुकान संचालक अर्जुन सैनी ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे पड़ोसी दुकानदारों का फोन आया कि उनकी दुकान के अंदर से धुआं निकल रहा है। सूचना मिलते ही वह तुरंत मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने दुकान का शटर खोला तो अंदर लगी आग अचानक और भड़क गई। उस समय तक दुकान में रखा अधिकांश सामान आग की भेंट चढ़ चुका था।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग पर काबू पाने के लिए एक पानी का टैंकर भी मौके पर बुलाया गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। इसके साथ ही डायल-112 की ईआरवी टीम को सूचना दी गई, जिसने तुरंत फायर ब्रिगेड को मौके पर भेजा।
अर्जुन सैनी ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 8 बजे रोज की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। उस समय रिपेयरिंग के लिए आई एक बाइक और एक स्कूटी दुकान के अंदर खड़ी थी। इसके अलावा दुकान में कई स्पेयर पार्ट्स, टायर, इंजन ऑयल और अन्य महंगा सामान भी रखा हुआ था। सुबह जब वह पहुंचे तो लगभग पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।
दुकान संचालक के अनुसार इस हादसे में उन्हें करीब 4 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि आग लगने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा, लेकिन शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
फायर ब्रिगेड अधिकारी सुखबीर यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी तत्काल मौके पर भेजी गई। हालांकि, दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने काफी हद तक आग पर काबू पा लिया था। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है और आग से केवल दुकान के अंदर रखा सामान ही प्रभावित हुआ है।
फायर विभाग ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला शॉर्ट सर्किट का प्रतीत होता है। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बाजार क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था की नियमित जांच और अग्नि सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।




