34 लाख की नौकरी, लेकिन चुना नकली नोटों का धंधा! IT इंजीनियर गिरफ्तार

सूरजकुंड के होटल में चल रहा था फर्जी करेंसी का खेल, लैपटॉप, प्रिंटर और नकली नोट बरामद; पुलिस नेटवर्क की जांच में जुटी

भावना कौशिश,फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना पुलिस ने नकली नोट छापने के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आईटी इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनायक झा, निवासी सेक्टर-17, फरीदाबाद के रूप में हुई है। वह नोएडा की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर है और करीब 34 लाख रुपये सालाना पैकेज पर कार्यरत है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 26 जून को सूरजकुंड स्थित होटल सरोवर पोर्टिको में कमरा बुक कराया था। दो दिनों तक कमरा बंद रहने और आरोपी के चाबी लेकर गायब रहने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस ने होटल प्रबंधन की मौजूदगी में कमरा खुलवाया।

तलाशी के दौरान कमरे से एक लैपटॉप, प्रिंटर, नकली नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला विशेष कागज, 500 रुपये का एक नकली नोट और 100 रुपये के 10 नकली नोट बरामद किए गए।

होटल में जमा पहचान पत्र के आधार पर पुलिस सेक्टर-17 स्थित आरोपी के घर पहुंची, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान वह होटल के कमरे और बरामद सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बेंगलुरु के एक संस्थान से पढ़ाई की है। उसके पिता और मां दोनों सरकारी विभागों में कार्यरत हैं।

पुलिस अब बरामद लैपटॉप, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी पहले भी नकली नोट छाप चुका है या नहीं।

पुलिस नेटवर्क की जांच में जुटी

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में लगी हैं कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके साथ कोई गिरोह भी जुड़ा हुआ है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नकली नोट बनाने का सामान कहां से लाया गया और होटल में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पूरे नेटवर्क और इस फर्जी करेंसी रैकेट का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button