नशे पर फरीदाबाद पुलिस का बड़ा प्रहार: 109.808 किलो गांजा आग के हवाले, 300 से ज्यादा तस्कर गिरफ्तार
87 मामलों में जब्त मादक पदार्थ नष्ट, पुलिस आयुक्त ने जनता से की नशा तस्करों की सूचना देने की अपील
भावना कौशिश,फरीदाबाद।अवैध नशे के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में विभिन्न मामलों में जब्त 109.808 किलोग्राम गांजा को कानूनी प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया गया।
यह कार्रवाई तिगांव रोड स्थित गांव जसाना की गोल्डन ईगल वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी में की गई। पुलिस के अनुसार, नष्ट किया गया गांजा 87 मामलों से संबंधित था, जो वर्ष 2023 से 2026 के दौरान विभिन्न थानों में दर्ज मामलों में बरामद किया गया था।
ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में मादक पदार्थ की फोटोग्राफी करवाई गई और गवाहों के सामने सुरक्षित एवं कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उसे आग के हवाले किया गया।
पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि नशा व्यक्ति को आर्थिक, शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर बनाता है तथा उसे अपराध की ओर धकेलता है। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद पुलिस नशा मुक्ति के लिए जागरूकता अभियान, काउंसलिंग और चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2026 में अब तक 300 से अधिक नशा तस्करों और अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस आयुक्त ने आमजन से अपील की कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो हेल्पलाइन नंबर 9050891508, कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 या नजदीकी थाना में सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।




