फरीदाबाद: छत पर सो रहे युवक के सिर में मारी गोली, हालत गंभीर; दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर
बल्लभगढ़ की राजीव कॉलोनी में देर रात वारदात, 16 दिन पहले यूपी से आया था युवक; पुलिस सीसीटीवी फुटेज और सभी संभावित पहलुओं की जांच में जुटी
भावना कौशिश,फरीदाबाद। बल्लभगढ़ क्षेत्र की राजीव कॉलोनी में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां घर की छत पर सो रहे एक युवक को अज्ञात हमलावर ने सिर में गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल बल्लभगढ़ के बादशाह खान सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल युवक की पहचान विपिन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले का रहने वाला है। जानकारी के अनुसार वह करीब 16 दिन पहले ही अपने परिवार के साथ बल्लभगढ़ की राजीव कॉलोनी में किराए पर रहने आया था। विपिन पानी सप्लाई करने वाली गाड़ी पर ड्राइवर के रूप में काम करता है। उसके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है।
घटना के समय विपिन अपने घर की छत पर सो रहा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति के चलते सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया।
प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के अनुसार मकान मालिक के पास युवक का आधार कार्ड तक उपलब्ध नहीं है और घर में उसकी कोई तस्वीर भी नहीं मिली। घटना के बाद उसकी पत्नी भी इलाज के लिए उसके साथ दिल्ली गई हुई है।
वारदात की सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है, जबकि घायल युवक का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में जारी है।




