बहन के लिव-इन रिलेशनशिप का विरोध पड़ा भारी, युवक को घर से बुलाकर चाकू से किया हमला

फोन पर विवाद के बाद साथियों संग घर पहुंचा आरोपी, पेट में किए दो चाकू के वार; पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

भावना कौशिश,फरीदाबाद । फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में बहन के लिव-इन रिलेशनशिप का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। 24 वर्षीय सूरज नामक युवक को कथित तौर पर घर से बाहर बुलाकर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि वारदात के बाद आरोपी अपने साथियों सहित मौके से फरार हो गया।

घायल युवक के पिता ईश्वर शर्मा के अनुसार, उनकी बड़ी बेटी अपने पति से अलग रह रही है और पार्वती कॉलोनी निवासी अभिषेक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में है। इसी बात को लेकर सूरज और अभिषेक के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और झगड़े हो चुके थे।

मंगलवार शाम करीब 7 बजे दोनों के बीच फोन पर फिर से विवाद हुआ। कुछ देर बाद अभिषेक अपने कुछ साथियों के साथ सूरज के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाया। बाहर आते ही दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

परिजनों का आरोप है कि अभिषेक पहले से चाकू लेकर आया था। विवाद के दौरान उसने सूरज पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के दो वार सूरज के पेट के पास लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी और उसके साथी मौके से फरार हो गए।

घटना के तुरंत बाद परिजनों ने घायल सूरज को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। परिवार ने संजय कॉलोनी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि हमले में अभिषेक के साथ उसके अन्य साथी भी शामिल थे।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button