फरीदाबाद पुलिस का नशा तस्करों पर शिकंजा: तीन गिरफ्तार, 750 ग्राम गांजा और 32 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद

अलग-अलग कार्रवाई में अपराध शाखा ने पकड़े आरोपी; ट्रामाडोल सप्लाई नेटवर्क की जांच के लिए एक आरोपी पुलिस रिमांड पर

भावना कौशिश,फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा की टीमों ने इनके कब्जे से 750 ग्राम गांजा और 32 प्रतिबंधित ट्रामाडोल (Tramadol) कैप्सूल बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नशा तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 2 जुलाई को अपराध शाखा भूपानी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव इमामुद्दीनपुर-छांयसा रोड के पास छापेमारी कर लक्की निवासी गांव इमामुद्दीनपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 750 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एक अन्य कार्रवाई में अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने गांधी कॉलोनी निवासी बब्लू को 32 ट्रामाडोल कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में बब्लू ने खुलासा किया कि उसने कुल 80 ट्रामाडोल कैप्सूल धर्म सिंह निवासी अजरोंधा, हाल निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, फरीदाबाद से खरीदे थे।

बब्लू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धर्म सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि प्रतिबंधित दवाओं की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी बब्लू को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि धर्म सिंह को पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान नशा तस्करी से जुड़े अन्य अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।

फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध नशे और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button