APK फ़ाइल डाउनलोड करते ही फोन हुआ हैक, क्रेडिट कार्ड से ₹1.29 लाख की साइबर ठगी; राजस्थान से खाताधारक गिरफ्तार
साइबर थाना बल्लभगढ़ की कार्रवाई, आरोपी के खाते में आए थे ठगी के ₹50 हजार; तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर नेटवर्क की जांच शुरू।
भावना कौशिश,फरीदाबाद। साइबर अपराधियों द्वारा APK फ़ाइल भेजकर मोबाइल फोन हैक करने और बैंक खातों से पैसे उड़ाने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए क्रेडिट कार्ड से ₹1,29,800 की साइबर ठगी के मामले में एक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेन्द्र सिंह झाला, निवासी रायका बाग बैंक कॉलोनी, जोधपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी को 5 जुलाई 2026 को जोधपुर (राजस्थान) से गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे माननीय न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क, अन्य आरोपियों और ठगी की रकम के लेन-देन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-2, बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी कि 16 मार्च को उसके मोबाइल फोन पर एक APK फ़ाइल भेजी गई। जैसे ही उसने उस फ़ाइल को डाउनलोड और इंस्टॉल किया, उसका मोबाइल फोन हैक हो गया।
फोन हैक होने के बाद साइबर ठगों ने उसके क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग करते हुए तीन अलग-अलग ट्रांजैक्शन में ₹50,000, ₹50,000 और ₹29,800, कुल ₹1,29,800 की धोखाधड़ी कर ली। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गिरफ्तार आरोपी वीरेन्द्र सिंह झाला इस मामले में खाताधारक की भूमिका निभा रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि उसने अपने एक परिचित के माध्यम से अपने बैंक खाते की जानकारी साइबर ठगों तक पहुंचाई थी। ठगी की रकम में से ₹50,000 उसके खाते में ट्रांसफर किए गए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के एक साथी ने उसके एटीएम कार्ड का उपयोग कर बैंक खाते से ठगी की रकम निकाली और उसे आगे साइबर ठगों तक पहुंचाया। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजी गई APK फ़ाइल, लिंक या एप्लिकेशन को डाउनलोड न करें। केवल अधिकृत ऐप स्टोर से ही एप्लिकेशन इंस्टॉल करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का सामना हो तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराएं।




