विधायक राजेश नागर के आश्वासन के बाद दो महीने से चल रहा रिवाजपुर आंदोलन हुआ समाप्त

FARIDABAD : तिगांव विधायक राजेश नागर ने रिवाजपुर पहुँच कर आंदोलनरत ग्रामीणों को कूड़ाघर हटवाने का आश्वासन देकर धरने को समाप्त करा दिया। राजेश नागर का कहना था कि यह उनके क्षेत्र की जनता है और लगातार दो महीने से भूख प्यास सहन करके गर्मी में बैठी हुई हैं। वह शुरू से अपने क्षेत्र की जनता के साथ थे और समय समय पर रिवाजपुर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी करते रहे हैं।
फिर चाहे मुख्य सचिव से मिलवाना हो, कमिश्नर नगर निगम से बैठकें करवानी हों, या पुलिस प्रशासन से कोई सख्ताई ना बरतने की बात करनी हो , हर समय परोक्ष रूप से वह आंदोलनकारी समिति के साथ मिल कर उचित समाधान निकालने के पक्ष में रहे हैं।
विधायक ने घोषणा करते हुए कहा कि अभी के लिए यहाँ कूड़ाघर बनाना रोक दिया गया है और वैकल्पिक स्थान ढूंढा जा रहा है।
विधायक ने संघर्ष समिति से अपील करते हुए कहा कि उनके समर्थक अब 25 जून की रैली का विरोध ना करें बल्कि मुख्यमंत्री मनोहरलाल की रैली में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लें। गौरतलब है कि रिवाजपुर संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने 20 जून को अरावली गोल्फ क्लब में एक प्रेस वार्ता करके चेतावनी दी थी कि यदि 25 जून से पहले सरकार रिवाजपुर से कूड़ाघर हटवाने का आश्वासन नहीं देती है तो 16 गाँवों के लोग रैली का विरोध करेंगे। इस बाबत पुलिस प्रशासन भी मुस्तैदी बरत रहा था और मुख्यमंत्री की रैली के विरोध को रोकने के लिए हरसंभव प्रयास करने की तैयारी में था।
ग्रामवासियों ने आज के दिन को ऐतिहासिक दिन बताया और कहा कि उनका विश्वास अपने जनप्रतिनिधियों पर पुन: लौट आया है। संघर्ष के बाद ही सही परन्तु अन्ततोगत्वा जनता की जीत हुई है और उन्हें ख़ुशी है कि देर से ही सही परन्तु सरकार और प्रशासन ने उनकी बात को माना। जनता ने विधायक राजेश नागर का फूल मालाओं से स्वागत किया और लड्डू बांटकर ख़ुशी मनाई। आज की जनसभा में नाहर सिंह चौहान ,रवि चैहान, कुलदीप त्यागी, रोहताश चौधरी, ललित चौहान, विजयपाल, माला चौहान, लाडो ठाकुर, मधु चौहान, राजवीर, पारस भारद्वाज, कँवर सिंह, कहर सिंह व अनेक गणमान्य मौजूद रहे।




